Connect with us

भदोही

भदोही पुलिस ने पकड़ी 11 लाख की अवैध अंग्रेजी शराब, पानी के टैंकर में बिहार भेजी जा रही थी खेप

Published

on

Loading...
Loading...

गोपीगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1005 लीटर अंग्रेजी शराब, ट्रैक्टर और टैंकर बरामद; शामली का तस्कर गिरफ्तार

जीटी रोड पर भोर में मुखबिर की सूचना पर दबिश, आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज; गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी

भदोही, 13 जुलाई। गोपीगंज थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 11 लाख रुपये मूल्य की 1005 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब की खेप ले जा रहे एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक महिंद्रा ट्रैक्टर, पानी का टैंकर, मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार यह शराब बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने के लिए ले जाई जा रही थी।

पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे मुखबिर की सूचना पर गोपीगंज थाना पुलिस ने जीटी रोड सर्विस लेन स्थित गेराई पावर हाउस के पास घेराबंदी कर मनोज उर्फ राहुल सैनी (28) निवासी आबादगढ़, थाना भवन, जनपद शामली को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान ट्रैक्टर से जुड़े पानी के टैंकर में छिपाकर रखी गई 114 पेटियों में 1005 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे हरियाणा से ट्रैक्टर और शराब से भरा टैंकर बिहार पहुंचाने के एवज में 25 हजार रुपये मिलने थे। गिरोह बिहार में शराब की तस्करी कर भारी मुनाफा कमाता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में शामिल अन्य तस्करों की तलाश जारी है।

Advertisement

बरामद शराब में रॉयल स्टैग, रॉयल चैलेंज, अंकल टॉम और ऑल सीजन ब्रांड की कुल 114 पेटियां शामिल हैं। इसके अलावा एक ओप्पो मोबाइल फोन, 1170 रुपये नकद, महिंद्रा 265 डीआई ट्रैक्टर और शराब से भरा पानी का टैंकर भी जब्त किया गया है। पुलिस ने बताया कि पूरे नेटवर्क की जांच कर तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों के विरुद्ध भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page