भदोही
16 जुलाई को भदोही में लगेगा राज्य आयुक्त का मोबाइल कोर्ट
दिव्यांगजन व आमजन की शिकायतों का होगा मौके पर निस्तारण
डीपीआरसी ज्ञानपुर में सुबह 10 से शाम 5 बजे तक होगा आयोजन, सभी विभाग लगाएंगे स्टॉल; जिलाधिकारी ने तैयारियां समय से पूरी करने के दिए निर्देश
भदोही। जनपद में दिव्यांगजन एवं आमजन की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए 16 जुलाई को जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर (डीपीआरसी), विकास भवन, कंसापुर, ज्ञानपुर में राज्य आयुक्त की अध्यक्षता में मोबाइल कोर्ट आयोजित किया जाएगा। आयोजन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने सभी विभागों को समयबद्ध तैयारियां पूरी करने, विभागीय स्टॉल लगाने तथा प्राप्त शिकायतों का मौके पर ही गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने समीक्षा बैठक में कहा कि सभी विभाग आवश्यक अभिलेख, तकनीकी संसाधन और सक्षम कर्मचारियों के साथ उपस्थित रहें, ताकि आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी को आयोजन का नोडल अधिकारी बनाया गया है।
बैठक में तय किया गया कि पुलिस विभाग सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था, मुख्य चिकित्साधिकारी मेडिकल बोर्ड और एम्बुलेंस, विद्युत विभाग निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा खंड विकास अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करेंगे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण किया जाए, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
