भदोही
14 सितंबर से पूजन पंडालों में स्थापित होगी गणेश प्रतिमा
नौ दिवसीय गणेश पूजनोत्सव में होंगे विविध धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम
गोपीगंज। नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में गणेश पूजनोत्सव धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गणेश चतुर्थी पर 14 सितंबर को विभिन्न पूजन पंडालों में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। आयोजन को लेकर पंडालों के निर्माण के साथ साफ-सफाई का कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है।
नगर के कई स्थानों पर होगा आयोजन
गोपीगंज नगर में 14 सितंबर से गणेश पूजनोत्सव का आयोजन किया जाएगा। श्री गणेशोत्सव मंडल क्लब पश्चिम मोहाल, श्री गणेश उत्सव मंडल क्लब दुर्गा जी गली सदर मोहाल, श्री गणेश पूजा उत्सव खड़हट्टी मोहाल, श्री बाल गणेश उत्सव मंडल खड़हट्टी मोहाल और श्री गणेश उत्सव मंडल पसियान महाल में आयोजन होगा। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र के पूरा कानून गोयान, सुजातपुर सहित अन्य स्थानों पर भी गणेशोत्सव मनाया जाएगा।
अलग-अलग स्वरूप में होगा श्रृंगार
दुर्गा मंदिर गली में नौ दिवसीय अनुष्ठान के दौरान प्रथम पूज्य भगवान गणेश का अलग-अलग स्वरूपों में श्रृंगार किया जाएगा। इसके साथ ही पूरे आयोजन के दौरान विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पूजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।
विसर्जन में दिखेगी महाराष्ट्र की झलक
पूजन समिति के विजय सेठ ने बताया कि नौ दिवसीय गणेश पूजनोत्सव को लेकर सभी तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान महाराष्ट्रीय ढोल-पताका विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए समितियां तैयारियों में जुटी हैं।
