Connect with us

भदोही

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़कर 12 हजार, सहायिकाओं को मिलेंगे 6 हजार रुपये

Published

on

Loading...
Loading...

भदोही में सम्मान समारोह का हुआ सजीव प्रसारण, कुपोषण के खिलाफ उपलब्धियों पर हुई चर्चा

भदोही, 9 सितंबर। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को अयोध्या से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं तथा महिला कल्याण विभाग के लाभार्थियों के सम्मान और नव नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा और सुना गया। इस दौरान सांसद डॉ. विनोद बिन्द, जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, विधायक ज्ञानपुर विपुल दुबे, जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा और जिलाधिकारी शैलेष कुमार समेत जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

मानदेय के साथ मिलेंगे कई लाभ

कार्यक्रम में बताया गया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़ाकर 12 हजार रुपये प्रतिमाह तथा सहायिकाओं का मानदेय 6 हजार रुपये प्रतिमाह किया गया है। इसके साथ ही कैशलेस चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रत्येक वर्ष तीन साड़ियों के लिए 1,500 रुपये की धनराशि सीधे खाते में भेजी जाएगी। मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक बाल शिक्षा तथा महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में कार्यकत्रियों के योगदान की सराहना की।

जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं

सांसद डॉ. विनोद बिन्द ने नव नियुक्त कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने सभी से निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ बच्चों व माताओं की सेवा करने का आह्वान किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, विधायक ज्ञानपुर विपुल दुबे और भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा ने भी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को बधाई दी। विधायक औराई दीनानाथ भास्कर ने औराई विकासखंड में कार्यक्रम के दौरान नव नियुक्त कार्यकत्रियों को शुभकामनाएं दीं। सुरियावां में पूर्व विधायक रविन्द्रनाथ त्रिपाठी की अध्यक्षता में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

Advertisement

1,492 केंद्रों से 1.28 लाख लाभार्थियों को लाभ

जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने बताया कि जिले में कुल 1,492 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। पोषण ट्रैकर ऐप के अनुसार 1,28,071 लाभार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें से 1,26,770 को ईएफएआर/एस के माध्यम से पुष्टाहार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 99 प्रतिशत से अधिक बच्चों के वजन की कार्रवाई पूरी की जा रही है और 95 प्रतिशत से अधिक गृह भेंट का कार्य किया जा रहा है।

कुपोषण के आंकड़ों में हुआ सुधार

जिले में कुपोषण की स्थिति में भी सुधार दर्ज किया गया है। वर्ष 2024 में सैम एवं मैम बच्चों की संख्या 72,469 थी, जो वर्ष 2026 में घटकर 43,347 हुई। वर्तमान में यह संख्या घटकर 1,620 रह गई है। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। बच्चों का अन्नप्राशन, गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और पोषण संबंधी जानकारी देने के लिए पोषण स्टॉल का आयोजन भी किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने राष्ट्रीय पोषण शपथ लेकर कुपोषण मुक्त समाज का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश त्रिपाठी, जिला कार्यक्रम अधिकारी शत्रुधन कन्नौजिया सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page