Connect with us

भदोही

101 टीबी रोगियों को मिली पोषण पोटली, जनसहयोग से भदोही बना प्रदेश में अव्वल

Published

on

Loading...
Loading...

टीबी मुक्त भारत अभियान को मिली नई गति, डीएम बोले—नियमित उपचार और पोषण से बीमारी पूरी तरह ठीक संभव

सुरियावां (भदोही)। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुरियावां में आयोजित कार्यक्रम में 101 क्षय (टीबी) रोगियों को पोषण पोटली वितरित की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, पूर्व विधायक रवीन्द्र नाथ त्रिपाठी, जिलाधिकारी शैलेष कुमार तथा पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने संयुक्त रूप से रोगियों को पोषण पोटली प्रदान कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि जनप्रतिनिधियों, निक्षय मित्रों, स्वयंसेवी संस्थाओं और जनसामान्य के सहयोग से अब तक जनपद में 2,200 से अधिक पोषण पोटलियों का वितरण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि इसी जनसहभागिता और स्वास्थ्य विभाग के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप भदोही ने टीबी उन्मूलन अभियान में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में जनपद के 1,440 टीबी रोगियों का उपचार चल रहा है। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत बलगम की नियमित जांच के माध्यम से रोगियों की शीघ्र पहचान कर उन्हें निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही पात्र रोगियों को भारत सरकार की ओर से प्रतिमाह एक हजार रुपये की पोषण सहायता भी प्रदान की जा रही है।

जिलाधिकारी ने कहा कि टीबी पूरी तरह उपचार योग्य बीमारी है। समय पर जांच, चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार नियमित दवा और पौष्टिक आहार से रोगी पूर्णतः स्वस्थ हो सकता है। उन्होंने टीबी रोगियों से उपचार बीच में न छोड़ने और प्रोटीन युक्त संतुलित आहार लेने की अपील की। साथ ही कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान केवल स्वास्थ्य विभाग का नहीं, बल्कि सामाजिक सहभागिता का जनआंदोलन है।

Advertisement

जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने कहा कि टीबी रोगियों के पोषण और उपचार में समाज की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से निक्षय मित्र बनकर इस अभियान में सहयोग करने का आह्वान किया।

पूर्व विधायक रवीन्द्र नाथ त्रिपाठी ने कहा कि समय पर जांच, नियमित उपचार और संतुलित पोषण के माध्यम से टीबी का पूर्ण उन्मूलन संभव है। वहीं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने कहा कि टीबी रोगियों का मनोबल बढ़ाना और उनके प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष चक सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, जनप्रतिनिधि, निक्षय मित्र, आशा कार्यकर्त्रियां तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page