भदोही
मन्नत का झंडा लगाने पर फैली धर्म परिवर्तन की अफवाह, पुलिस जांच में निकली निराधार
चौरी पुलिस की सूझबूझ से शांत हुआ मामला, दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से हुआ निस्तारण
भदोही। चौरी थाना क्षेत्र के मई हारदो पट्टी ग्राम सभा में मन्नत के तहत ताजिए पर झंडा चढ़ाने को लेकर फैली धर्म परिवर्तन की अफवाह पुलिस जांच में निराधार पाई गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ से मामला शांतिपूर्ण ढंग से सुलझ गया तथा दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से विवाद का निस्तारण हो गया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मन्ने प्रजापति की पत्नी प्रमिला देवी ने गले की बीमारी से स्वस्थ होने पर ताजिए पर झंडा चढ़ाने की मन्नत मानी थी। स्वास्थ्य लाभ मिलने के बाद वह अपने भाई के साथ मन्नत पूरी करने के लिए ताजिए पर झंडा चढ़ाने जा रही थीं।
इसी दौरान कुछ लोगों द्वारा इस घटना को धर्म परिवर्तन से जोड़कर अफवाह फैला दी गई, जिससे क्षेत्र में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलते ही चौरी चौकी प्रभारी नथुनी सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ कि मामला किसी प्रकार के धर्म परिवर्तन का नहीं, बल्कि व्यक्तिगत आस्था और मन्नत पूरी करने से जुड़ा था। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को सामान्य कराया और आपसी सहमति से विवाद का निस्तारण कराया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर विश्वास न करें तथा ऐसी स्थिति में सत्यापन के लिए पुलिस या प्रशासन से संपर्क करें, ताकि सामाजिक सौहार्द एवं शांति व्यवस्था बनी रहे।
