पूर्वांचल
होमगार्ड भर्ती परीक्षा: डीएम-एसपी ने किया केंद्रों का निरीक्षण
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर द्वारा संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का सघन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण प्रक्रिया, अभ्यर्थियों की जांच व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।ड्यूटी में तैनात अधिकारी व कर्मचारीगण को निर्देशित किया गया कि वे समयबद्धता, सतर्कता एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। साथ ही अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया।
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूरी ईमानदारी व कड़ाई के साथ सम्पन्न कराया जाएगा, जिससे योग्य अभ्यर्थियों का चयन सुनिश्चित हो सके।
