Connect with us

बड़ी खबरें

हाथरस को 548 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, विपक्ष पर भी बरसे मुख्यमंत्री योगी

Published

on

Loading...
Loading...

कानून-व्यवस्था, किसानों और विकास योजनाओं का किया उल्लेख, अखिलेश यादव व कांग्रेस पर साधा निशाना

बोले- डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश को दंगामुक्त और विकास की नई राह पर पहुंचाया

हाथरस (लखनऊ)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को हाथरस में करीब 548 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विकास, कानून-व्यवस्था, किसानों के कल्याण, औद्योगिक विकास और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी तीखा राजनीतिक हमला बोला।

अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री ने ब्रज की पावन भूमि हाथरस को नमन किया। उन्होंने कहा कि यह जिला स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान, काका हाथरसी की साहित्यिक विरासत और हींग की पहचान के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। उन्होंने कहा कि हाथरस, सिकंदराराऊ और सादाबाद विधानसभा क्षेत्रों के लिए लगभग 550 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी जा रही है।

सुरक्षित माहौल में ही संभव है विकास

मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत कानून-व्यवस्था किसी भी प्रदेश के विकास की आधारशिला होती है। उनका दावा था कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश के अधिकांश जिले दंगों और कर्फ्यू की घटनाओं से प्रभावित रहते थे, जबकि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में न दंगे हुए, न कर्फ्यू लगा और न ही माफियाओं को संरक्षण मिला।

Advertisement

मोहर्रम जुलूसों का भी किया जिक्र

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हाल ही में प्रदेश में लगभग 12 हजार मोहर्रम जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। उन्होंने कहा कि सरकार ने स्पष्ट व्यवस्था बनाई है कि ताजियों के नाम पर किसी गरीब का मकान या छज्जा नहीं हटाया जाएगा और न ही हाईटेंशन लाइनें हटेंगी। आवश्यकता पड़ने पर ताजिए की ऊंचाई कम की जाएगी, लेकिन आम जनता की सुरक्षा से समझौता नहीं होगा।

किसानों के हित में योजनाओं पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रोसेसिंग सेंटर और कोल्ड स्टोरेज जैसी सुविधाओं का विस्तार कर रही है। उन्होंने आगरा में इंटरनेशनल पोटैटो सेंटर और वाराणसी में इंटरनेशनल राइस रिसर्च इंस्टीट्यूट की स्थापना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे किसानों को उन्नत बीज और आधुनिक तकनीक का लाभ मिलेगा।

सरकारी योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने मुफ्त राशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण और उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त गैस कनेक्शन जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार होली और दीपावली पर लाभार्थियों को दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर भी उपलब्ध करा रही है।

विपक्ष पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या संबंधी बयान का जिक्र करते हुए उन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अयोध्या को रामभक्तों ने भव्य स्वरूप दिया है। साथ ही उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे का भी उल्लेख करते हुए अखिलेश यादव पर राजनीतिक टिप्पणी की।

उन्होंने कांग्रेस पर भी हमला बोलते हुए वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल को संविधान का सबसे बड़ा अपमान बताया। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि उस समय विपक्षी नेताओं को जेल भेजा गया था और वर्तमान में समाजवादी पार्टी का कांग्रेस के साथ गठबंधन उसी विरासत के विपरीत है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page