Connect with us

गाजीपुर

हाईवे निर्माण में अनियमितता को लेकर ग्रामीणों में रोष, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

Published

on

Loading...
Loading...

जखनियां (गाजीपुर)। 124 डी स्टेट हाईवे के निर्माण में अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों में गहरा असंतोष है। सैदपुर से मरदह को जोड़ने वाले इस राजमार्ग पर स्थित रेवरिया चट्टी के समीप नाली और बिजली पोल की अनुपस्थिति से स्थानीय लोग परेशान हैं। बरसात में जलजमाव और रात में अंधकार के कारण राहगीरों और दुकानदारों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

भाजपा के मीडिया प्रभारी दिनेश सिंह के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं और किसानों ने उपजिलाधिकारी रवीश गुप्ता को दो सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इसमें मांग की गई कि हाईवे निर्माण में हो रही अनियमितताओं की जांच कराई जाए तथा आबादी वाले क्षेत्रों में नाली और बिजली पोल शीघ्र लगाए जाएं।

एसडीएम ने दिया आश्वासन
एसडीएम रवीश गुप्ता ने ज्ञापन प्राप्त करते हुए कहा कि ग्रामीणों की समस्याएं प्राथमिकता के आधार पर उच्चाधिकारियों तक भेजी जाएंगी और जल्द समाधान का प्रयास किया जाएगा।

Advertisement

भाजपा नेता ने लगाया लापरवाही का आरोप
भाजपा नेता दिनेश सिंह ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में भारी लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने कहा, “जहां नाली और पोल की सख्त जरूरत है, वहां कोई प्रावधान नहीं किया गया है, जिससे ग्रामीणों को भारी कठिनाई हो रही है।” उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण चक्का जाम जैसे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

ज्ञापन सौंपने के दौरान भाजपा नेता दयाशंकर सिंह, अवधेश शक्ति, मंटू सिंह, संतोष यादव, गोपाल यादव, राम पुकार यादव, नारायण गुप्ता, रमेश सिंह के साथ-साथ ग्राम प्रधान जियालाल यादव व अखिलेश चौहान भी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page