Connect with us

भदोही

हवा-बारिश के बीच पूरी रात अंधेरे में डूबा गोपीगंज नगर

Published

on

Loading...
Loading...

पेड़ की डाल टूटने और ब्रेकर में गड़बड़ी से बिजली आपूर्ति बाधित, पेयजल संकट भी गहराया

गोपीगंज-भदोही। तेज हवा के साथ रुक-रुककर हो रही बारिश ने गोपीगंज नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। शुक्रवार रात तेज हवा के बीच टीन-छप्पर उखड़ने के साथ ही बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे पूरा नगर रातभर अंधेरे में डूबा रहा।

जानकारी के अनुसार गोपीगंज नगर के उत्तरी फीडर में ब्रेकर की गड़बड़ी के कारण शुक्रवार शाम से बिजली आपूर्ति बंद हो गई। वहीं दक्षिणी फीडर की आपूर्ति पेड़ की डाल टूटकर बिजली लाइन पर गिरने से बाधित हुई। दोनों फीडरों में आपूर्ति प्रभावित होने के कारण नगर के अधिकांश हिस्सों में अंधेरा छाया रहा।

पूरी रात बिजली न रहने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह करीब नौ बजे आपूर्ति बहाल की गई, लेकिन ट्रिपिंग और मरम्मत कार्य के बीच बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी। इससे लोगों की दिक्कतें बनी रहीं।

बिजली आपूर्ति प्रभावित होने का असर पेयजल व्यवस्था पर भी पड़ा। नगर पालिका का नलकूप नहीं चल पाने के कारण कई इलाकों में पानी की समस्या उत्पन्न हो गई। लोगों को घरेलू जरूरतों के लिए पानी की व्यवस्था करने में परेशानी हुई।

Advertisement

स्थानीय लोगों का आरोप है कि अधिकारियों की लापरवाही और कर्मचारियों की कमी के कारण बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल नहीं हो पा रही है। लगातार खराब मौसम के बीच बिजली व्यवस्था प्रभावित होने से नगरवासियों में नाराजगी है। लोगों ने बिजली विभाग से फाल्ट को जल्द दूर कर निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page