भदोही
एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई, विद्युत विभाग का बाबू 8 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार
भदोही में विद्युत वितरण खंड प्रथम कार्यालय परिसर में ट्रैप की कार्रवाई, मौके से रिश्वत की रकम बरामद
भदोही। भ्रष्टाचार निवारण संगठन मीरजापुर मंडल की टीम ने शुक्रवार को भदोही में कार्रवाई करते हुए विद्युत विभाग के एक कर्मचारी को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। टीम ने आरोपी कर्मचारी को शिकायतकर्ता से एक कार्य के एवज में रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा। मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद की गई।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन के अनुसार आरोपी प्रशान्त कुमार, क्षेत्रीय/विद्युत विभाग कार्यालय, जनपद भदोही में कार्यरत है। उसके खिलाफ शिकायतकर्ता विश्वास कुमार गुप्ता ने रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर टीम ने मामले का सत्यापन कर ट्रैप की कार्रवाई की।
टीम ने 25 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 1:05 बजे विद्युत वितरण खंड प्रथम, भदोही के कार्यालय परिसर में आरोपी को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम बरामद कर ली गई।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध भदोही कोतवाली थाने में अभियोग दर्ज कराया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ट्रैप कार्रवाई का नेतृत्व प्रभारी ट्रैप टीम निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने किया। टीम में निरीक्षक परीराम यादव, निरीक्षक श्रीभोज मिश्र समेत कुल 14 अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन की इस कार्रवाई के बाद विद्युत विभाग में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है। संगठन की ओर से भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों पर कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।
