मिर्ज़ापुर
हलिया की बेटी साक्षी मिश्रा ने स्वर्ण पदक जीतकर बढ़ाया क्षेत्र का गौरव
अर्थशास्त्र में विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान हासिल कर रचा इतिहास, कुलपति ने दीक्षांत समारोह में किया सम्मानित
प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय से गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाली साक्षी बनीं क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा
मीरजापुर।शिक्षा के क्षेत्र में पिछड़े माने जाने वाले हलिया विकासखंड की बेटी साक्षी मिश्रा ने अपनी प्रतिभा, लगन और कठिन परिश्रम के दम पर विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे हलिया क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
हलिया थाना क्षेत्र के ऊंटी गांव निवासी अधिवक्ता कृष्णगोपाल मिश्र की पुत्री साक्षी मिश्रा ने प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय, प्रयागराज के परास्नातक एकीकृत पाठ्यक्रम (अर्थशास्त्र) में प्रथम स्थान प्राप्त किया। विश्वविद्यालय के नवें दीक्षांत समारोह में 16 जुलाई को कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह ने उन्हें स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया।
साक्षी की इस सफलता को हलिया क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है। सीमित संसाधनों और शैक्षिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह साबित किया कि दृढ़ संकल्प, निरंतर परिश्रम और आत्मविश्वास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
साक्षी के बाबा करुणाशंकर मिश्र ने उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनके परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे हलिया क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि साक्षी ने क्षेत्र की बेटियों के सामने शिक्षा और सफलता का एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।
साक्षी मिश्रा के स्वर्ण पदक जीतने की सूचना मिलते ही क्षेत्रवासियों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। लोगों का कहना है कि उनकी उपलब्धि से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं, विशेषकर बेटियों को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलेगी।
