मिर्ज़ापुर
राजगढ़ के होनहार दर्श सिंह ने पहले ही प्रयास में क्रैक की NEET-UG, पूरे जिले का बढ़ाया मान
ऑल इंडिया 1368वीं रैंक हासिल कर रचा नया कीर्तिमान, ग्रामीण प्रतिभा की सफलता से क्षेत्र में खुशी की लहर
वरिष्ठ पत्रकार स्व. लक्ष्मी नारायण सिंह के पौत्र दर्श सिंह की उपलब्धि बनी युवाओं के लिए प्रेरणा
राजगढ़ (मिर्जापुर), 17 जुलाई।
राजगढ़ विकासखंड के धनसीरिया ग्राम सभा अंतर्गत नौडिहवा गांव निवासी दर्श सिंह ने अपने पहले ही प्रयास में NEET-UG परीक्षा उत्तीर्ण कर शानदार सफलता हासिल की है। ऑल इंडिया 1368वीं रैंक प्राप्त कर उन्होंने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे मिर्जापुर जनपद का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
दर्श सिंह, दैनिक जागरण के वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय लक्ष्मी नारायण सिंह के पौत्र तथा इंजीनियर अनिल कुमार सिंह के पुत्र हैं। सीमित संसाधनों के बीच कठिन परिश्रम, अनुशासित तैयारी और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने देश की सबसे प्रतिष्ठित चिकित्सा प्रवेश परीक्षा में यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
दर्श सिंह की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत में निरंतरता बनी रहे, तो ग्रामीण क्षेत्र के छात्र भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं। पहले ही प्रयास में मिली यह सफलता क्षेत्र के अन्य छात्र-छात्राओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
दर्श की सफलता पर परिजनों, शिक्षकों, शुभचिंतकों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह आगे चलकर एक सफल चिकित्सक बनकर समाज और देश की सेवा करेंगे।
