बड़ी खबरें
स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली में बम धमकियों से हड़कंप
दिल्ली हाईकोर्ट समेत कई अहम ठिकानों को ई-मेल से धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
हाईकोर्ट परिसर में बम निरोधक दस्ते और स्निफर डॉग्स ने चलाया सर्च ऑपरेशन, अब तक कुछ संदिग्ध नहीं मिला
नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस समारोह से एक दिन पहले दिल्ली में कई महत्वपूर्ण स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। शुक्रवार को दिल्ली हाईकोर्ट समेत छह स्थानों को ई-मेल के जरिए धमकी मिलने की जानकारी सामने आई। इनमें जामनगर हाउस, झंडेवालान फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स, साकेत कार्यालय/डीएम कार्यालय, आईजीआई एयरपोर्ट का टर्मिनल-3 और दिल्ली कैंट का एसडीएम कार्यालय शामिल हैं।
हाईकोर्ट परिसर में मचा हड़कंप
दिल्ली हाईकोर्ट को मिले धमकी भरे ई-मेल के बाद परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई। सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियात के तौर पर व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। बम निरोधक दस्ता और स्निफर डॉग्स ने पूरे परिसर की जांच की। प्रारंभिक तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला है।
दिल्ली हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के संयुक्त सचिव अधिवक्ता कुणाल मल्होत्रा ने स्थिति को नियंत्रण में बताते हुए कहा कि सुरक्षा एजेंसियां पूरे परिसर की जांच कर रही हैं और सभी जरूरी सावधानियां बरती जा रही हैं।
कई संवेदनशील स्थानों पर भी सुरक्षा जांच
धमकी की सूचना मिलने के बाद संबंधित स्थानों पर पुलिस, अग्निशमन विभाग और बम निरोधक टीमों को भेजा गया। अधिकारियों के अनुसार अभी तक किसी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए दिल्ली में पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है और प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी एवं जांच की जा रही है।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां ई-मेल की विश्वसनीयता और उसके स्रोत की जांच कर रही हैं। शुरुआती स्तर पर धमकी फर्जी होने की आशंका जताई गई है, लेकिन अधिकारियों ने किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं।
