बड़ी खबरें
हर आंगनवाड़ी को अपनी जिम्मेदारी मानें : अन्नपूर्णा देवी
नौवें राष्ट्रीय पोषण माह की थीम ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’, समुदाय से सहयोग की अपील
नई दिल्ली। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि विकसित भारत की नींव आज के बच्चों के स्वस्थ और सक्षम भविष्य से मजबूत होगी। इसके लिए आंगनवाड़ी केंद्रों को सशक्त बनाने के साथ समुदाय की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपने क्षेत्र की कम से कम एक आंगनवाड़ी से जुड़कर उसकी सेवाओं में सहयोग करने की अपील की।
मंत्री ने बताया कि देश के करीब 14 लाख आंगनवाड़ी केंद्र 8.9 करोड़ से अधिक बच्चों, महिलाओं और किशोरियों तक विभिन्न सेवाएं पहुंचा रहे हैं। इस वर्ष 9 सितंबर से शुरू होने वाले नौवें राष्ट्रीय पोषण माह की थीम ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ रखी गई है।
उन्होंने बताया कि पोषण माह के दौरान आंगनवाड़ी प्रबंधन समितियों के गठन और बैठकों के साथ सोशल ऑडिट कराया जाएगा। प्रत्येक केंद्र पर मेन्यू बोर्ड लगाया जाएगा, जिससे परिवारों को बच्चों को दिए जाने वाले भोजन और टेक-होम राशन की जानकारी मिल सके। समुदाय की भागीदारी बढ़ाने के लिए तिथि भोज और स्वस्थ व्यंजनों के प्रदर्शन जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि बच्चों के पोषण के साथ उनके शुरुआती विकास और सीखने पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बच्चों के विकास के विभिन्न पड़ावों पर नजर रखती हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए कहा कि समुदाय का सहयोग और सम्मान मिलने से उनकी भूमिका और अधिक प्रभावी होगी।
मंत्री के अनुसार, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत अब तक 4.65 करोड़ लाभार्थियों को 21,511 करोड़ रुपये सीधे उनके बैंक खातों में दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए सरकार के प्रयासों के साथ परिवार और समुदाय की भागीदारी भी जरूरी है।
