गाजीपुर
महर्षि वाल्मीकि जयंती पर भांवरकोल ब्लॉक में गूंजा भक्ति का रस
शिव मंदिर परिसर में भव्य भजन-कीर्तन का आयोजन, अधिकारियों और कर्मचारियों ने लिया हिस्सा
भांवरकोल (गाजीपुर)। महर्षि वाल्मीकि जयंती के पावन अवसर पर भांवरकोल विकास खंड परिसर स्थित शिव मंदिर में भव्य हरिकीर्तन और भजन-संकीर्तन का आयोजन किया गया। सहायक पंचायत अधिकारी अजय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में ब्लॉक के अधिकारियों, कर्मचारियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। भजन-कीर्तन से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।
भजन-कीर्तन में कलाकारों ने बांधा समां
कार्यक्रम में नोडल अधिकारी अजय कुमार मिश्रा ने मंजीरे और झाल बजाकर भक्ति गीतों में सहभागिता की। वहीं, ग्राम पंचायत अधिकारी सोमनाथ शुक्ला ने ढोलक की थाप से संगत की, जबकि अंबुज तिवारी ने हारमोनियम पर मधुर धुनें प्रस्तुत कर कार्यक्रम को भक्तिमय बना दिया। भजन-कीर्तन के दौरान उपस्थित लोगों ने भी भक्ति गीतों का आनंद लिया।
अधिकारियों और कर्मचारियों की रही सहभागिता
इस अवसर पर ग्राम रोजगार सेवक संघ के अध्यक्ष सुधीर राय, विपुल श्रीवास्तव, कृष्ण मुरारी, सूरज गुप्ता, जितेंद्र कुमार, राजन कुमार और मनोज कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने महर्षि वाल्मीकि के जीवन और उनके आदर्शों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों पर चलने का संकल्प
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। साथ ही क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को भी मजबूत करने का संदेश दिया।
