गाजीपुर
सादात थाने की कमान संभालते ही एक्शन मोड में दिखीं तारावती यादव
बोलीं- भयमुक्त माहौल, महिलाओं की सुरक्षा और वंचितों को त्वरित न्याय होगी पहली प्राथमिकता
गाजीपुर। सादात थाने की नवागत थाना प्रभारी तारावती यादव ने शनिवार को कार्यभार ग्रहण करने के बाद अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि क्षेत्र में भयमुक्त वातावरण बनाए रखना, वंचितों को त्वरित न्याय दिलाना तथा महिलाओं, युवतियों और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
अपराधियों को दी सख्त चेतावनी
तारावती यादव ने कहा कि आमजन के सहयोग से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे अपराध का रास्ता छोड़ दें, अन्यथा कानून के तहत उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई कर जेल भेजा जाएगा।
अवैध गतिविधियों पर रहेगी सख्त नजर
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध या आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
प्रभावी पुलिसिंग के लिए जानी जाती हैं
तारावती यादव इससे पहले भड़कुड़ा, सुहवल और मरदह थानों में प्रभारी निरीक्षक के रूप में अपनी प्रभावी कार्यशैली और सख्त पुलिसिंग की पहचान बना चुकी हैं। वहीं आमजन के प्रति उनके सरल और संवेदनशील व्यवहार की भी सराहना होती रही है।
लोगों ने जताई बेहतर कानून-व्यवस्था की उम्मीद
स्थानीय नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि तारावती यादव के नेतृत्व में सादात थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा लोगों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण मिलेगा
कार्यभार संभालते ही वर्षों पुराना मामला सुलझाया
थाना प्रभारी ने बताया कि कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद उन्होंने थाना क्षेत्र से जुड़े एक वर्षों से लंबित आपसी विवाद/मामले का त्वरित निस्तारण कराया, जिससे पीड़ित पक्षों को राहत मिली और क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता को लेकर सकारात्मक संदेश गया।

उन्होंने कहा कि आगे भी सभी लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाएगा ताकि लोगों को न्याय के लिए अनावश्यक भटकना न पड़े।
