गाजीपुर
सादात डाकघर में स्टाफ की कमी से कामकाज प्रभावित
लोगों को करना पड़ रहा लंबा इंतजार
सादात (गाजीपुर) जयदेश। स्थानीय डाकघर में कर्मचारियों की भारी कमी के चलते कार्य व्यवस्था चरमराई हुई है, जिससे आम जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्वीकृत पदों के सापेक्ष आधे कर्मचारियों के सहारे काम चलने के कारण विभिन्न सेवाओं में विलंब हो रहा है और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
डाकघर में कुल चार पद स्वीकृत हैं, जिनमें एक उप-डाकपाल (एसपीएम) और तीन क्लर्क शामिल हैं, लेकिन वर्तमान में यहां केवल उप-डाकपाल बृजेश यादव और एक क्लर्क देवीदयाल यादव ही कार्यरत हैं। कर्मचारियों की कमी का सीधा असर डाक सेवाओं पर दिखाई दे रहा है। आधार कार्ड जैसे जरूरी कार्यों के लिए भी लोगों को तब तक प्रतीक्षा करनी पड़ती है, जब तक कर्मचारी अन्य डाक संबंधी कार्यों से मुक्त नहीं हो जाते।
स्थिति यह है कि पोस्टमैन और मल्टी-टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) को भी अपने नियमित कार्यों के अलावा काउंटर पर काम करना पड़ रहा है, जिससे उनके मूल कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं और उन पर अतिरिक्त दबाव बढ़ रहा है। डाक विभाग के उच्चाधिकारी इस समस्या से अवगत होने के बावजूद अब तक कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा सके हैं।
स्थानीय लोगों ने क्षेत्रीय डाक अधीक्षक से पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती कर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है, ताकि डाकघर की व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके और जनता को राहत मिल सके।
