Connect with us

गाजीपुर

नंदगंज रेलवे स्टेशन पर ऑटो-टोटो की दबंगई से यात्रियों की बढ़ी परेशानी

Published

on

Loading...
Loading...

नंदगंज (गाजीपुर) जयदेश। नंदगंज रेलवे स्टेशन के अंदर-बाहर आने-जाने वाले मुख्य मार्ग पर सुबह ट्रेन आने के समय अव्यवस्था का आलम देखने को मिल रहा है। ऑटो और ई-टोटो चालकों द्वारा रास्ते पर अपने वाहनों को मनमाने ढंग से खड़ा कर देने के कारण यहां आए दिन जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

यहां की स्थिति यह है कि ई-टोटो के खड़े होने के बाद जो थोड़ी-बहुत जगह बचती है, उसमें बाइक खड़ी कर दी जाती हैं, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो जाता है। खासकर सुबह 45 मिनट के अंदर तीन ट्रेनों के आगमन से आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ जाने से यह समस्या और गंभीर हो जाती है। यात्रियों को प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में काफी कठिनाई होती है, कई बार तो लोग ट्रेन पकड़ने के लिए दौड़ते हुए भी रास्ते में फंस जाते हैं और ट्रेन चली जाती है।

यात्रियों और सुबह टहलने वालों के अनुसार, कुछ दबंग प्रवृत्ति के ऑटो तथा ई-टोटो चालक स्टेशन से निकलने वाले मुख्य रास्ते के ठीक सामने अपने वाहन खड़ा कर सवारी लेने की कोशिश करते हैं, जिससे जाम की समस्या और बढ़ जाती है, जिससे महिलाओं तथा बुजुर्गों को काफी कठिनाई होती है। यदि ये टोटो चालक अपने वाहन थोड़ा पीछे हटाकर खड़े करें, तो काफी हद तक इस समस्या से राहत मिल सकती है, क्योंकि पीछे काफी जगह भी है।

प्रतिदिन यात्रा करने वाले यात्रियों ने रेलवे प्रशासन और स्थानीय पुलिस से मांग की है कि इस अव्यवस्था पर शीघ्र ध्यान देकर स्टेशन पर जाने हेतु यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए, ताकि लोगों को आने-जाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page