गोरखपुर
सहजनवा एलिवेटेड रोड को मिली मंजूरी, सांसद रवि किशन ने गडकरी का जताया आभार
नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री से की मुलाकात
गोरखपुर। सांसद रवि किशन ने नई दिल्ली स्थित संसद भवन कार्यालय में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान गोरखपुर जनपद में राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ी विभिन्न विकास परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
700 करोड़ की एलिवेटेड रोड पर जताया आभार
सांसद रवि किशन ने सहजनवा में लगभग 700 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली एलिवेटेड रोड परियोजना को स्वीकृति मिलने पर गोरखपुर की जनता की ओर से केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को आधुनिक और सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
जाम से मिलेगी राहत, विकास को मिलेगी रफ्तार
उन्होंने बताया कि एलिवेटेड रोड बनने से सहजनवा और आसपास के क्षेत्रों में वर्षों से लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। साथ ही आवागमन तेज और सुरक्षित होगा, जिससे औद्योगिक, व्यापारिक और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
अन्य सड़क परियोजनाओं पर भी हुई चर्चा
बैठक में गोरखपुर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार, सड़क अवसंरचना को और मजबूत बनाने तथा भविष्य की विकास योजनाओं पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने गोरखपुर के विकास से जुड़े विषयों पर हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
पूर्वांचल के विकास को मिलेगी नई दिशा
सांसद रवि किशन ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से गोरखपुर और पूरे पूर्वांचल में सड़क संपर्क और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित होंगे, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को और गति मिलेगी।
