बलिया
सभासद की पत्नी के निधन से कस्बे में शोक की लहर
आंत संबंधी बीमारी का चल रहा था उपचार, लखनऊ में ली अंतिम सांस
दो मासूम बेटियों के सिर से उठा मां का साया, क्षेत्र में शोक का माहौल
चितबड़ागांव (बलिया)। नगर पंचायत चितबड़ागांव के वार्ड संख्या-6 पटेल नगर के सभासद अमित कुमार वर्मा की पत्नी शिल्पी वर्मा (30) का गुरुवार को उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके असामयिक निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार शिल्पी वर्मा पिछले कुछ दिनों से आंत संबंधी बीमारी से पीड़ित थीं। उनका उपचार लखनऊ स्थित राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय में चल रहा था, जहां गुरुवार दोपहर उन्होंने अंतिम सांस ली।
शिल्पी अपने पीछे पति और दो मासूम बेटियों को छोड़ गई हैं, जिनकी उम्र क्रमशः पांच वर्ष और ढाई वर्ष बताई गई है। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मां के असमय निधन से दोनों अबोध बच्चियों के सिर से मां का साया उठ जाने की घटना ने क्षेत्रवासियों को भी भावुक कर दिया। स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
