बलिया
जर्जर विद्यालय भवनों में नहीं चलेगी पढ़ाई, सीडीओ ने दिए सख्त निर्देश
ऑपरेशन कायाकल्प और मिड डे मील की समीक्षा, दो दिन में मांगी जर्जर स्कूलों की सूची
फर्नीचर, पेयजल, शौचालय और नामांकन अभियान में तेजी लाने के निर्देश
बलिया। कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मिड डे मील योजना एवं ऑपरेशन कायाकल्प के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई। सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऑपरेशन कायाकल्प के सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
बैठक में विद्यालयों में शौचालय निर्माण से संबंधित शिकायतों का तत्काल निस्तारण कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बेसिक शिक्षा विभाग को सभी विद्यालयों में बच्चों के लिए फर्नीचर, स्वच्छ पेयजल तथा शौचालयों में नियमित जलापूर्ति की व्यवस्था शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया।
सीडीओ ओजस्वी राज ने जर्जर विद्यालय भवनों की सूची दो दिन के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में ऐसे भवनों में कक्षाओं का संचालन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में ‘स्कूल चलो अभियान’ की भी समीक्षा की गई। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में अभिभावकों को जागरूक कर अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
मिड डे मील योजना की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने निर्देश दिया कि भोजन निर्धारित मानकों और तय मेन्यू के अनुरूप तैयार किया जाए तथा बच्चों को पौष्टिक एवं संतुलित आहार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने विद्यालय परिसरों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के भी निर्देश दिए।
बैठक में शिक्षा विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
