गाजीपुर
संत रविदास की 650वीं जयंती पर जमानिया में निकली भव्य रथ कलश यात्रा
जमानिया, गाजीपुर। संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में समरसता संकल्प अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने जमानिया विधानसभा क्षेत्र में भव्य रथ कलश यात्रा निकाली। यात्रा के माध्यम से संत रविदास जी के सामाजिक समरसता, समानता, भाईचारे और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
यात्रा का शुभारंभ जमानिया दक्षिणी मंडल के ग्रामसभा देवैथा से हुआ। इसके बाद रथ कलश यात्रा देहूड़ी, असैचनपुर और गायघाट होते हुए बड़ेसर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष संदीप बिंद ने की।

इसके पश्चात जमानिया नगर मंडल में रथ कलश यात्रा बरुईन मोड़ से प्रवेश कर विभिन्न धार्मिक स्थलों तक पहुंची। रेलवे स्टेशन परिसर स्थित शिव मंदिर, पटखौलीया, कस्बा बाजार के सतुवानी घाट शिव मंदिर तथा बलुआ घाट स्थित संत रविदास मंदिर में विधि-विधान से कलश स्थापना की गई। इस दौरान नगर पालिका परिषद जमानिया के अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता, मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर वर्मा, महामंत्री राजू पांडेय और संतोष पांडेय सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वहीं जमानिया उत्तरी मंडल में यात्रा ग्रामसभा भैदपुर से शुरू होकर नूरपुर गोहदा पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष राजीव चतुर्वेदी ने की। इस अवसर पर भाजपा जिला मंत्री पप्पू कुशवाहा, अजय गुप्ता, निपेंद्र उपाध्याय, प्रेमसागर राजभर और विधानसभा मीडिया प्रभारी संजीत यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन समाज में समानता और समरसता स्थापित करने की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
