गाजीपुर
गाजीपुर में जर्जर सरकारी भवनों पर सख्ती, डीएम ने दिए तत्काल जांच के निर्देश
असुरक्षित भवनों में आवाजाही पर रोक, लापरवाही पर विभागाध्यक्षों की तय होगी जवाबदेही; हादसे पर FIR और निलंबन की चेतावनी
गाजीपुर, 20 अगस्त। जनपद में सरकारी भवनों की जर्जर स्थिति और संभावित हादसों को लेकर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को अपने नियंत्रणाधीन शासकीय भवनों का तत्काल स्थलीय निरीक्षण और नियमानुसार तकनीकी परीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। उद्देश्य भवनों में कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ ही आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
जिलाधिकारी ने कहा कि निरीक्षण के दौरान यदि कोई सरकारी भवन जर्जर, जीर्ण-शीर्ण या असुरक्षित पाया जाता है तो संबंधित विभाग तत्काल नियमानुसार कार्रवाई करे। आवश्यकता पड़ने पर भवन का ध्वस्तीकरण अथवा अन्य जरूरी सुरक्षात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
असुरक्षित भवनों को कराया जाएगा खाली
निर्देशों के अनुसार जर्जर भवनों में किसी भी अधिकारी, कर्मचारी अथवा आमजन के प्रवेश और उपयोग पर रोक लगाई जाएगी। जरूरत पड़ने पर ऐसे भवनों को खाली कराकर उनके आसपास चेतावनी बोर्ड और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं की जाएंगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
हादसे पर होगी विभागाध्यक्ष की जवाबदेही
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जर्जर या असुरक्षित भवनों के संबंध में समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई और भवन गिरने से कोई अप्रिय घटना हुई तो संबंधित विभागाध्यक्ष अथवा कार्यालयाध्यक्ष की जवाबदेही तय की जाएगी। ऐसे मामलों में नियमानुसार एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि यदि लापरवाही के कारण जनहानि या कोई गंभीर क्षति होती है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ निलंबन की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए जर्जर भवनों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की रिपोर्ट अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
