मिर्ज़ापुर
संतोष कुमार ओझा बने मड़िहान के नए एसडीएम, संभाला कार्यभार
त्वरित न्याय, सरकारी जमीनों से अतिक्रमण हटाना और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन रहेगी प्राथमिकता
मिर्जापुर (मड़िहान)। मड़िहान तहसील के नवागत उप जिलाधिकारी (एसडीएम) संतोष कुमार ओझा ने बुधवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। हाल ही में एसडीएम अनेग सिंह का स्थानांतरण चुनार तहसील होने के बाद संतोष कुमार ओझा को मड़िहान तहसील का नया एसडीएम नियुक्त किया गया है।
कार्यभार संभालने के बाद नवागत एसडीएम ने तहसील के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और प्रशासनिक कार्यों की जानकारी ली।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर वादकारियों को त्वरित न्याय दिलाना, शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी तालाब, खलिहान और अन्य सार्वजनिक भूमि पर हुए अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही शिकायतों के फर्जी निस्तारण या गलत आख्या प्रस्तुत करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम संतोष कुमार ओझा ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उनकी शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
