गाजीपुर
शहीद स्मारक इंटर कॉलेज में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
योगाभ्यास के साथ स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का लिया गया संकल्प
250 प्रतिभागियों ने किया योग, विशेषज्ञों ने बताए निरोग जीवन के सूत्र
नंदगंज (गाजीपुर)। शहीद स्मारक इंटर कॉलेज नंदगंज में रविवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय के राजीव गांधी सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।
योग प्रशिक्षक अनिल बरनवाल, डॉ. कपिलदेव यादव एवं शारीरिक शिक्षक के मार्गदर्शन में करीब दो घंटे तक योगाभ्यास कराया गया। इस दौरान लगभग 250 प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन सहित अनुलोम-विलोम एवं भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास किया।

योग प्रशिक्षकों ने योग के विभिन्न आसनों और प्राणायाम की विधियों की जानकारी देते हुए उनके स्वास्थ्य लाभों पर प्रकाश डाला। डॉ. कपिलदेव यादव ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से तनाव कम होता है, शरीर में लचीलापन बढ़ता है तथा मानसिक एकाग्रता में सुधार होता है। उन्होंने सभी से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य उदय राज ने अपने संबोधन में कहा कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ है। योग भारतीय संस्कृति की एक अमूल्य देन है, जो मन और शरीर के बीच संतुलन स्थापित कर स्वस्थ जीवन की राह प्रशस्त करती है।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं, कर्मचारी तथा प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे। अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवन शैली अपनाने तथा नियमित योगाभ्यास करने का संकल्प लिया।
इसी क्रम में रेनबो मॉडर्न स्कूल नंदगंज, सावित्री बालिका इंटर एवं डिग्री कॉलेज बरहपुर, सन फ्लावर कॉन्वेंट स्कूल, सन फ्लावर पब्लिक स्कूल नंदगंज तथा श्री ठाकुर जी राम लक्ष्मण जानकी ट्रस्ट बरहपुर में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस विभिन्न योग गतिविधियों और सामूहिक योगाभ्यास के साथ मनाया गया।
