गाजीपुर
वार्ड बॉय और चौकीदार के भरोसे संचालित हो रहा भीमापार राजकीय यूनानी चिकित्सालय
भीमापार (गाजीपुर) जयदेश। जनपद के भीमापार बाजार स्थित यूनानी चिकित्सालय लंबे समय से केवल वार्ड बॉय और चौकीदार के भरोसे संचालित हो रहा है। चिकित्सालय में तैनात डॉक्टर शैलेंद्र कुमार कभी-कभार ही अस्पताल पहुंचते हैं, जिससे क्षेत्रीय लोगों को उपचार के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार को दिन में लगभग 11 बजे हमारे जिला राजनीतिक संवाददाता जब चिकित्सालय पहुंचे तो वहां डॉक्टर अनुपस्थित मिले, अस्पताल में चौकीदार मकसूद अहमद और वार्ड बॉय सत्येंद्र कुमार उपस्थित मिले। इस संबंध में संवाददाता ने डॉक्टर शैलेंद्र कुमार से फोन पर बात की। उन्होंने बताया कि उनके पास भीमापार चिकित्सालय के चार्ज के साथ-साथ क्षेत्रीय यूनानी अधिकारी, वाराणसी मंडल का भी अतिरिक्त प्रभार है।

डॉ. शैलेंद्र कुमार ने कहा कि उन्हें कई जनपदों का कार्य देखना पड़ता है, जिसके कारण समय-समय पर ही चिकित्सालय पहुंच पाते हैं। वहीं, इस मामले को लेकर जब हमारे संवाददाता ने यूनानी निदेशक लखनऊ, डॉ. जमाल अख्तर से मोबाइल फोन पर बातचीत की तो उन्होंने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और जल्द से जल्द समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
