Connect with us

गाजीपुर

जमानियां स्टेशन को रेलवे ने बनाया उपेक्षा का शिकार, यात्रियों में भारी नाराजगी

Published

on

Loading...
Loading...

जमानियां (गाजीपुर) जयदेश। जमानियां रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की लंबे समय से चली आ रही मांग अब जनआंदोलन का रूप लेती दिख रही है। दानापुर रेल मंडल के महत्वपूर्ण स्टेशनों में शामिल स्थानीय यात्रियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और रेल यात्री कल्याण समिति के पदाधिकारियों ने स्टेशन पर पहुंचकर उप स्टेशन अधीक्षक आदित्य राज को ज्ञापन सौंपा और रेलवे प्रशासन की उपेक्षापूर्ण रवैये पर नाराजगी जताई।

रेल यात्री कल्याण समिति द्वारा सौंपे गए पत्रक में कहा गया है कि जमानियां स्टेशन पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल का एक महत्वपूर्ण स्टेशन है, जहां प्रतिदिन हजारों यात्री आवागमन करते हैं। इसके बावजूद यहां कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। समिति ने आरोप लगाया कि रेलवे यात्रियों की सुविधाओं की लगातार अनदेखी कर रहा है।

ज्ञापन में विशेष रूप से 15125-15126 काशी-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस तथा 15657-15658 ब्रह्मपुत्र मेल का जमानियां स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की गई। समिति का कहना है कि सुबह 9:30 बजे के बाद वाराणसी से पटना की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए कोई उपयुक्त ट्रेन उपलब्ध नहीं रहती। वहीं शाम 4 बजे के बाद भी लंबी दूरी की ट्रेनों का अभाव बना रहता है। इससे नौकरीपेशा, छात्र, मरीज और व्यापारियों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ती है।

समिति के सदस्यों ने बताया कि रात 1 बजे के बाद दानापुर की ओर जाने वाली ट्रेनों की कमी के कारण यात्रियों को घंटों स्टेशन पर इंतजार करना पड़ता है। वहीं सुबह 6:30 बजे पटना पहुंचने वाली ट्रेनों की अनुपलब्धता से दैनिक यात्रियों और जरूरी कार्य से सफर करने वालों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना था कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद रेलवे प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। रेल यात्री कल्याण समिति के अध्यक्ष मिथलेश सिंह ने कहा कि जमानियां स्टेशन की लगातार उपेक्षा क्षेत्रीय जनता के साथ अन्याय है।

इस दौरान मोहन गुप्ता, प्रमोद यादव, मेराज आलम, विशाल वर्मा, प्रमोद पाण्डेय, सरदार प्रीतपाल सिंह, मनोज, विनोद जायसवाल, एहसान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और यात्री मौजूद रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page