गाजीपुर
शादी सीजन में कैश संकट, एटीएम बने शोपीस; उपभोक्ता परेशान
नंदगंज (गाजीपुर) जयदेश। क्षेत्र में शादी और ब्याह के सीज़न के दौरान नंदगंज स्थित बैंकों में उपभोक्ताओं को बड़ी धनराशि निकालने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। वहीं पिछले एक सप्ताह से सभी एटीएम पर कैश नहीं मिल रहे हैं और स्क्रीन पर यह संदेश दिखाई दे रहा है कि “वर्तमान में यह एटीएम नगद कैश नहीं दे सकता”।
उपभोक्ताओं को बड़ी रकम निकालने के लिए बैंक शाखाओं का रुख करने पर अधिकांश बैंक दो-तीन दिन बाद ही पैसे देने की बात कह रहे हैं। भुक्तभोगी उपभोक्ताओं का कहना है कि शादी व तिलक आदि में हमें पैसा आज चाहिये तो बैंक वाले हाथ खड़े करके दो तीन दिन बाद बुला रहे हैं। मजबूरन बेचारे उपभोक्ता कई दिन तक लगातार बैंक आकर थोड़ा थोड़ा पैसा निकाल रहें हैं।

वहीं नंदगंज बाजार स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के शाखा प्रबंधक विनय प्रकाश यादव ने इस सम्बन्ध में बताया, ” इस समय कैश की थोड़ी किल्लत जरूर है। लेकिन अगर कोई 10-15 लाख रुपये की मांग करता है तो उसे अगले दिन सुबह पैसे जरुर उपलब्ध करवा दिये जाते हैं। उन्होंने बताया कि हमारी शाखा के पास लगे एसबीआई एटीएम का संचालन हमारी शाखा करती है और हर शाम को इसमें नकद कैश भरा जाता है। इस समय भी 10-11 लाख कैश भरा है । उन्होंने कहा कि अन्य जगहों पर एसबीआई के लगे एटीएम में कैश एजेंसी द्वारा डाला जाता है। उसकी जानकारी हमें नहीं है।
वहीं नंदगंज स्थित यूनियन बैंक की शाखा में नगद कैश के भुगतान को लेकर उपभोक्ताओं और बैंक कर्मचारियों के बीच रोजाना किचकिच होती रहती है। सुबह से ही लोग बड़ी रकम निकालने के लिए कतार में खड़े हो जाते हैं। जिससे शाखा परिसर में भीड़ की समस्या बनी रहती है। इस समय सभी बैंकों में नगद पैसा लेने वालों की भीड़ बैंक खुलते ही लग जा रही है।
