गोरखपुर
लेखपालों ने लंबित मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
5 अगस्त तक मांगें पूरी न होने पर कार्य बहिष्कार की चेतावनी
गोला बाजार (गोरखपुर)। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों के समाधान की मांग को लेकर रविवार को उपजिलाधिकारी मनीष कुमार के माध्यम से राजस्व परिषद के अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा। संघ ने चेतावनी दी कि यदि 5 अगस्त तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशभर के लेखपाल चरणबद्ध आंदोलन करते हुए अतिरिक्त कार्यों का बहिष्कार करेंगे।
लंबित मांगों के समाधान की उठाई मांग
ज्ञापन में लेखपाल संघ ने कहा कि प्रदेश के लेखपाल बढ़ते कार्यभार, संसाधनों की कमी, लंबित पदोन्नति, वेतन एवं भत्तों की विसंगतियों सहित कई प्रशासनिक समस्याओं का सामना कर रहे हैं। इसके बावजूद उनकी वर्षों पुरानी मांगों का समाधान नहीं किया गया है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष है।
ये हैं प्रमुख मांगें
संघ ने अंतरमंडलीय स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन पोर्टल दोबारा खोलने, इच्छुक लेखपालों को गृह मंडल में स्थानांतरण का अवसर देने, चयन वर्ष 2025-26 की लंबित पदोन्नति सूची जारी करने तथा चयन वर्ष 2024 के नव नियुक्त लेखपालों की विभागीय परीक्षा का परिणाम और प्रशिक्षण प्रमाणपत्र जारी करने की मांग की। इसके अलावा स्टेशनरी, वाहन एवं विशेष भत्ते में वृद्धि तथा ग्राम सचिवालयों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।
कार्य बहिष्कार की चेतावनी
लेखपाल संघ ने कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा तक मांगों का समाधान नहीं हुआ तो सभी लेखपाल केवल अपने मूल हल्के में कार्य करेंगे तथा अतिरिक्त हल्कों, ऑनलाइन कार्यों और अन्य अतिरिक्त दायित्वों का बहिष्कार करेंगे। संघ का कहना है कि इससे उत्पन्न होने वाली प्रशासनिक असुविधा की जिम्मेदारी शासन और राजस्व परिषद की होगी।
बड़ी संख्या में रहे लेखपाल मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान लेखपाल संघ गोला के तहसील अध्यक्ष अजय पाठक के नेतृत्व में सुरेंद्र पटेल, वीरेंद्र कुमार, पृथ्वीनाथ, महेंद्र गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लेखपाल उपस्थित रहे।
