गाजीपुर
लंबित लोन पत्रावलियों पर डीएम ने जताई नाराजगी
गाजीपुर (जयदेश)। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आलोक प्रसाद, मुख्य विकास अधिकारी-गाजीपुर, सच्चिदानन्द तिवारी, परियोजना अधिकारी यूपीनेडा-गाजीपुर, राजदेव कुमार, जिला अग्रणी प्रबन्धक-गाजीपुर, समस्त अधिशासी अभियन्ता, विद्युत वितरण खण्ड/मीटर परीक्षण खण्ड-गाजीपुर, पीयूष कुमार, जी०एम०आ० स्मार्ट मीटर के प्रतिनिधि तथा समस्त जिला समन्वयक बैंक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान यूपी नेडा की ओर से अवगत कराया गया कि योजनान्तर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंत तक जनपद गाजीपुर में कुल 7009 घरों पर सोलर रूफटॉप स्थापना का लक्ष्य निर्धारित है। इसके सापेक्ष वर्तमान समय तक जनपद में 3167 सोलर रूफटॉप स्थापना कार्य पूर्ण किया जा चुका है। इसके बाद बैंकों में लंबित 941 लोन पत्रावलियों के संबंध में जिलाधिकारी को जानकारी दी गई।
इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित बैंक शाखाओं में लंबित पत्रावलियों को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने बैठक में मौजूद जिला अग्रणी प्रबन्धक एवं सभी बैंकों के जिला समन्वयकों को निर्देश दिया कि विशेष अभियान चलाकर और संबंधित बैंक शाखाओं से समन्वय स्थापित कर एक माह से अधिक समय से लंबित पत्रावलियों का निस्तारण तीन दिवस के भीतर तथा एक माह के अंदर लंबित लोन पत्रावलियों का निस्तारण सात दिवस में सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि किसी भी पत्रावली को अनावश्यक रूप से निरस्त न किया जाए। साथ ही लोन निर्गमन में अनावश्यक विलम्ब अथवा हिला-हवाली करने वाले शाखा प्रबन्धकों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए संबंधित बैंक मुख्यालय को पत्र भेजा जाए।
जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित सभी अधिशासी अभियन्ताओं को विद्युत विभाग के अंतर्गत लंबित इंस्पेक्शन कार्यों को तीन दिवस के भीतर पोर्टल पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मीटर स्थापना एवं कॉन्फीग्रेशन कार्य शीघ्र पूरा कराने को कहा गया। विद्युत बिल संशोधन से संबंधित कार्यों के लिए सभी डिवीजनों पर मेगा कैम्प आयोजित कर उनका निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने समस्त वेन्डरों को निर्देशित किया कि जनपद की प्रमुख सार्वजनिक स्थलों जैसे तहसील भवन, नगर पालिका कार्यालय, शिक्षा विभाग के कार्यालयों तथा विद्युत वितरण खण्ड/उपखण्डों पर कैम्प लगाकर लोगों को योजनान्तर्गत सोलर रूफटॉप स्थापना के प्रति जागरूक करने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
