भदोही
खोखले होते युवाओं के तन-मन, योग ही देगा नया जीवन : रवीश कुमार यादव
भदोही साइकिलिंग क्लब ने निकाली जागरूकता यात्रा, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवन का दिया संदेश
गोपीगंज, (भदोही) 23 अगस्त 2026। पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य की रक्षा के उद्देश्य से ‘भदोही साइकिलिंग क्लब’ ने रविवार को भव्य जागरूकता साइकिल यात्रा निकाली। पर्यावरण योद्धा एवं ‘साइकिल मैन भदोही’ अताउल मुस्तफा अंसारी के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम, पर्यावरण चेतना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा। साइकिल यात्रा के माध्यम से लोगों को देश को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने का संदेश दिया गया।
बड़े चौराहे से शुरू हुई साइकिल यात्रा
राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बड़े चौराहे से साइकिल यात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा शहीद तिराहा, काली देवी, ककराही, गोपपुर चौराहा और रैपुरी समेत विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए शिवम पब्लिक स्कूल, बंजारी पहुंची। यात्रा के दौरान साइकिल सवारों ने लोगों को पर्यावरण संरक्षण, ईंधन बचाने और नियमित व्यायाम के प्रति जागरूक किया।
शिवम पब्लिक स्कूल में हुआ जोरदार स्वागत
शिवम पब्लिक स्कूल पहुंचने पर साइकिल यात्रियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। प्रधानाचार्य रवीश कुमार यादव के नेतृत्व में शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने पुष्पवर्षा, तालियों और जयघोष के साथ पर्यावरण जागरूकता अभियान से जुड़े साइकिल यात्रियों का अभिनंदन किया। विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
मोबाइल की लत से युवाओं का तन-मन हो रहा कमजोर
प्रधानाचार्य रवीश कुमार यादव ने युवाओं की बदलती जीवनशैली पर चिंता जताते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं, लेकिन देर रात तक मोबाइल और डिजिटल स्क्रीन का उपयोग उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है। उन्होंने कहा कि देर रात तक स्क्रीन पर समय बिताने और सुबह देर तक सोने की आदत से युवा पीढ़ी में आलस्य और अस्वस्थ जीवनशैली बढ़ रही है।
योग और व्यायाम को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील
रवीश कुमार यादव ने कहा कि युवाओं को स्वस्थ और सशक्त बनाने के लिए योग एवं व्यायाम को जीवन का नियमित हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि योग और व्यायाम बच्चों एवं युवाओं को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के साथ मानसिक रूप से भी स्वस्थ और जागरूक नागरिक बनने में मदद करेंगे।
हरी झंडी दिखाकर यात्रा को किया रवाना
प्रधानाचार्य रवीश कुमार यादव ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल यात्रा को अगले गंतव्य के लिए रवाना किया। शिवम पब्लिक स्कूल, बंजारी से यात्रा चकराजाराम, जहांगीराबाद, भवानीपुर, पांडेयपुर, डेरवा, जगन्नाथपुर और गुहिया सहित विभिन्न क्षेत्रों में पहुंची। इसके बाद लोगों को स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए यात्रा पुनः शिवम पब्लिक स्कूल पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
नारों से गूंजा पूरा क्षेत्र
पूरी यात्रा के दौरान साइकिल सवारों का जोश देखने लायक रहा। ‘साइकिल चलाएं, ईंधन बचाएं’, ‘वृक्ष लगाओ, पर्यावरण बचाओ’ और ‘करो योग, रहो निरोग’ जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा। वहीं ‘हिंदुस्तान जिंदाबाद’, ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष के साथ प्रतिभागियों ने उत्तर प्रदेश को स्वस्थ और पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने का संकल्प लिया।
बड़ी संख्या में युवाओं और छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा
इस जागरूकता अभियान को सफल बनाने में प्रवीण श्रीवास्तव, रिंकू यादव, दुर्वेंद्र कुमार, सोनू, मनमोहन यादव, संदीप कुमार, चंद्र कुमार पांडेय, आकाश तिवारी, अंतिमा पाल, अन्नू पांडेय, सुमन यादव, आरती, अंशिका पांडेय, नन्हे पाल, रिया पाल, रेशमा सरोज, गुड़िया गौतम, रूपा सरोज, परवेज अली खान, जगदीश यादव, प्रमोद मौर्या, धर्मेंद्र यादव, दीपक यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
