भदोही
थाना औराई में एएसपी ने की समीक्षा बैठक, लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश
कानून-व्यवस्था मजबूत करने और आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर
भदोही, 22 अगस्त 2026। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल की अध्यक्षता में थाना औराई परिसर में अर्दली रूम एवं समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्राधिकारी औराई राजीव कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। इस दौरान थाना क्षेत्र में लंबित विवेचनाओं, विभिन्न आपराधिक मामलों और जनशिकायतों की गहन समीक्षा की गई।
लंबित विवेचनाओं की हुई गहन समीक्षा
बैठक के दौरान अभियोगों से संबंधित लंबित विवेचनाओं तथा धारा 137(2) बीएनएस के अंतर्गत लंबित मामलों की समीक्षा की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों को लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
छिनैती और चोरी की घटनाओं के खुलासे पर जोर
समीक्षा गोष्ठी में छिनैती, टप्पेबाजी और नकबजनी की घटनाओं के अनावरण को लेकर भी चर्चा की गई। एएसपी ने पुलिस अधिकारियों को घटनाओं के शीघ्र खुलासे के लिए प्रभावी कार्रवाई करने और अपराधियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आईजीआरएस और जनशिकायतों का होगा त्वरित निस्तारण
आईजीआरएस एवं लोक शिकायतों से प्राप्त प्रार्थना पत्रों की भी समीक्षा की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।
कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के निर्देश
अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिसिंग में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी लंबित मामलों पर प्राथमिकता के साथ कार्रवाई की जाए।
