Connect with us

वाराणसी

जैपुरिया पड़ाव में रंग, उमंग और कल्पना के इंद्रधनुष से सजा ‘अभ्युदय’, मना सावन के सतरंगी रंगों का उत्सव

Published

on

Loading...
Loading...

नन्हे-मुन्ने बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

वाराणसी। जैपुरिया स्कूल्स बनारस की पड़ाव शाखा के श्री संगम सभागार में सावन महोत्सव ‘अभ्युदय’ का भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया गया। सावन की मनोहारी छटा, भारतीय संस्कृति, संगीत, नृत्य और बच्चों की कल्पनाशीलता से सजे इस कार्यक्रम में नर्सरी से कक्षा दो तक के विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।

दीप प्रज्वलन और अतिथियों के स्वागत से हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों और गणमान्य व्यक्तियों को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य विनोद कुमार दास ने स्वागत संबोधन में अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का अभिनंदन करते हुए आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डाला।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में दिखा सावन और भारतीय संस्कृति का रंग

विद्यार्थियों ने विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और सावन के उल्लास को मंच पर जीवंत कर दिया। कक्षा एक और दो के विद्यार्थियों की ‘अष्ट श्लोक–आदेश’ प्रस्तुति ने वातावरण को आध्यात्मिकता से भर दिया, जबकि कक्षा दो के ‘स्वागत नृत्य–शिव जी’ ने समारोह में उत्साह का संचार किया।

नन्हे सितारों ने बटोरीं जमकर तालियां

यूकेजी के विद्यार्थियों ने ‘सितारे जमीन पर’ की प्रस्तुति दी, वहीं नर्सरी के बच्चों का बॉलीवुड रैंप वॉक और मैशअप डांस विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। एलकेजी के विद्यार्थियों के पंजाबी फोक डांस ने पंजाब की लोक-संस्कृति की रंग-बिरंगी झलक पेश की। कक्षा एक की ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ और ‘हाय हाय यह लड़का’ प्रस्तुति ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

Advertisement

कक्षा दो की प्रस्तुतियों से गूंजा पूरा सभागार

कक्षा दो के विद्यार्थियों ने ‘जेमिकन’ और ‘ओ री सखी मंगल गाओ री’ जैसी प्रस्तुतियों से सभागार को तालियों की गड़गड़ाहट से गुंजायमान कर दिया। बच्चों के आत्मविश्वास और उनकी शानदार प्रस्तुति ने अभिभावकों व अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

अभिभावकों ने भी दिखाई अपनी प्रतिभा

कार्यक्रम में बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने समारोह को और जीवंत बना दिया। कपल सिंगिंग, फैमिली रैंप वॉक, पोस्टर मेकिंग, स्लोगन राइटिंग, डीआईवाई डिलाइट्स और फेस मेकअप जैसी प्रतियोगिताओं में अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

एसपी चंदौली ने बच्चों की प्रतिभा को सराहा

मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और आत्मविश्वास की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा अभिव्यक्त करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, परंपराओं और सामूहिक सहभागिता से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं।

कल्पना, प्रतिभा और अभिव्यक्ति का उत्सव बना आयोजन

विद्यालय के प्रबंध निदेशक ने कहा कि ‘Prismatic’ केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि बच्चों की कल्पना, प्रतिभा और अभिव्यक्ति के विविध रंगों का उत्सव है। उन्होंने कहा कि जब कल्पना को मंच, प्रतिभा को अवसर और परिवार को विद्यालय का साथ मिलता है तो हर बच्चा अपने भीतर के इंद्रधनुष को दुनिया के सामने ला सकता है।

विजेता अभिभावकों को किया गया सम्मानित

प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित होने के बाद विजेता अभिभावकों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन तनुप्रिया पॉल और विधि श्रीवास्तव के सानिध्य में कक्षा चार के पार्थ सिंह व मिहीन ने किया। आभार ज्ञापन प्राइमरी वर्ग संयोजिका शाजिया बदर ने प्रस्तुत किया।

Advertisement

विद्यालय परिवार की रही गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यक्ष दीपक कुमार बजाज, प्रबंध निदेशक मनोज कुमार बजाज, कार्यकारी निदेशक श्याम सुंदर बजाज, निदेशक गौरांग बजाज एवं गवेंद्र बजाज, निदेशिका पूजा बजाज, प्राचार्य विनोद कुमार दास सहित विभिन्न वर्गों की संयोजिकाएं, शिक्षकगण, अभिभावक और बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page