वाराणसी
रवि किशन ने काशी विश्वनाथ में नवाया शीश, विपक्ष पर साधा निशाना
वाराणसी। बॉलीवुड-भोजपुरी के प्रख्यात अभिनेता और गोरखपुर से भाजपा के सांसद रवि किशन गुरुवार देर शाम वाराणसी पहुंचे। पश्चिम बंगाल समेत तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर बाबा विश्वनाथ के दरबार में मत्था टेका और आशीर्वाद लिया। मंदिर पहुंचने पर समर्थकों ने हर-हर महादेव के जयघोष के साथ उनका स्वागत किया।
रवि किशन ने विधि-विधान के साथ बाबा का जलाभिषेक और पूजन-अर्चन किया। दर्शन-पूजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया। बड़ी संख्या में मौजूद समर्थकों और श्रद्धालुओं ने उनके साथ फोटो और सेल्फी भी ली। दर्शन के बाद मंदिर से बाहर निकलते समय उन्होंने मीडिया से बातचीत में भाजपा की जीत को जनता की जीत बताया।

उन्होंने कहा कि देश की जनता अब विकास, राष्ट्रवाद और सुशासन की राजनीति का समर्थन कर रही है। पश्चिम बंगाल की जनता ने भी बदलाव के पक्ष में मतदान कर यह साफ संदेश दिया है कि तुष्टिकरण और भय की राजनीति अधिक समय तक नहीं चल सकती। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और जनता भाजपा की नीतियों पर भरोसा जता रही है।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए रवि किशन ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल केवल लोगों को बांटने और भ्रम फैलाने का कार्य कर रहे हैं, लेकिन जनता अब सब समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास न कोई स्पष्ट नीति है और न ही विकास का विजन। जनता ने चुनाव परिणाम के माध्यम से ऐसे दलों को जवाब दे दिया है।
