गाजीपुर
योगाभ्यास से गूंजा भांवरकोल, स्वस्थ जीवन का लिया संकल्प
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ब्लॉक मुख्यालय से लेकर गांवों और विद्यालयों तक हुए योग कार्यक्रम
अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
भांवरकोल (गाजीपुर)। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को ब्लॉक मुख्यालय स्थित विधायक स्वर्गीय कृष्णानंद राय स्मृति सभागार में ब्लॉक स्तरीय मुख्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “स्वयं और समाज के लिए योग” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया और स्वस्थ एवं निरोग जीवन का संकल्प लिया।
योग प्रशिक्षक पारसनाथ यादव के निर्देशन में प्रतिभागियों ने प्राणायाम, सूर्य नमस्कार तथा विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। इस दौरान योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा लोगों को योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि आनंद राय उर्फ मुन्ना, खंड विकास अधिकारी प्रेमचंद्र, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) अजय मिश्र, खंड शिक्षा अधिकारी रविंद्र सिंह, बीएमएम विनोद यादव, सहायक समाज कल्याण अधिकारी संतोष कुमार कुशवाहा तथा विषय वस्तु विशेषज्ञ (कृषि) शिवशंकर वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अलावा सूर्यभानु कुमार राय, बृजेश कुमार, सोमनाथ शुक्ल, कश्यप राय, अंबिका राम, रत्नाकर दुबे और आलिम हुसैन समेत बड़ी संख्या में लोगों ने योगाभ्यास में सहभागिता की।

ग्राम पंचायतों और विद्यालयों में भी दिखा योग का उत्साह
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विकास क्षेत्र की शेरपुर, वीरपुर, सुखडेहरा, मसोन सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों तथा अनेक विद्यालयों में भी योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रतिभागियों ने योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताते हुए नियमित अभ्यास का संकल्प लिया।
थाना परिसर में पुलिसकर्मियों ने भी किया योगाभ्यास
इसी क्रम में स्थानीय थाना परिसर में थानाध्यक्ष संतोष राय के नेतृत्व में योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिसकर्मियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर फिट एवं स्वस्थ रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
