गाजीपुर
बैजलपुर के कौशल किशोर बने बिहार पीसीएस अधिकारी, खाद्य एवं आपूर्ति पदाधिकारी पद पर चयन
गाजीपुर। क्षेत्र के बैजलपुर निवासी एवं अमेठी जनपद में एडीओ ग्राम्य विकास के पद पर कार्यरत संजय राय के पुत्र कौशल किशोर ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा में सफलता प्राप्त कर खाद्य एवं आपूर्ति पदाधिकारी पद पर चयनित होकर क्षेत्र और परिवार का नाम रोशन किया है।
कौशल किशोर ने अपनी प्रारंभिक एवं उच्च शिक्षा के बाद भारतीय पेट्रोलियम एवं ऊर्जा संस्थान (आईआईपीई), देहरादून से अध्ययन किया, जहां वे अपने बैच के टॉपर रहे। उनकी इस शैक्षणिक उपलब्धि के साथ अब बिहार पीसीएस परीक्षा में सफलता ने उनके करियर में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जोड़ दी है।
शनिवार को घोषित परीक्षा परिणाम में चयनित होने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपनी सफलता पर कौशल किशोर ने इसका श्रेय भगवान काशी विश्वनाथ, अपने दादा एवं शिक्षक रहे समाजसेवी स्वर्गीय हरिद्वार राय तथा माता-पिता के आशीर्वाद और मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं का दायित्व है कि वे ईमानदार एवं जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी बनकर विकसित भारत के निर्माण तथा समाज के उत्थान में अपना योगदान दें।
कौशल किशोर की इस उपलब्धि पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, भाजपा नेता वीरेंद्र राय, जिला शासकीय अधिवक्ता कृपा शंकर राय, श्रीराम राय, कमलेश राय, दयाशंकर राय सहित अनेक लोगों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि कौशल किशोर अपनी प्रतिभा, मेहनत और ईमानदारी के बल पर प्रशासनिक सेवा में उत्कृष्ट कार्य करते हुए समाज के लिए प्रेरणा बनेंगे।
