गाजीपुर
स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग थीम पर पीजी कॉलेज में भव्य योग कार्यक्रम
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर शिक्षकों, छात्रों और कर्मचारियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
प्रधानमंत्री के कोलकाता कार्यक्रम का हुआ सीधा प्रसारण, योग को जीवन का हिस्सा बनाने का लिया संकल्प
गाजीपुर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज), गाजीपुर में “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” थीम पर भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार के शिक्षकों, छात्र-छात्राओं, कर्मचारियों तथा उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कोलकाता में आयोजित योग दिवस समारोह का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने ध्यानपूर्वक देखा और सुना।

योग प्रशिक्षक ने कराया विभिन्न आसनों का अभ्यास
महाविद्यालय के स्पोर्ट्स ग्राउंड में आयोजित योग सत्र में प्रशिक्षक द्वारा सूर्य नमस्कार, सर्वांगासन, हलासन, धनुरासन, शवासन सहित विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।
बढ़ती उम्र में स्वास्थ्य का आधार है योग : प्राचार्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने कहा कि योग बढ़ती उम्र में जोड़ों के दर्द, मानसिक तनाव तथा शारीरिक असंतुलन जैसी समस्याओं को दूर करने में अत्यंत सहायक है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ, सक्रिय और ऊर्जावान बनाए रखता है।

उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की एक प्रभावी पद्धति है, जिसे प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।
योग को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए प्रधानमंत्री का जताया आभार
प्राचार्य प्रो. पाण्डेय ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक मान्यता मिली है। आज पूरी दुनिया योग के महत्व को स्वीकार कर रही है, जो भारत की सांस्कृतिक विरासत और गौरव का प्रतीक है।
दैनिक जीवन में योग अपनाने का लिया संकल्प
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी शिक्षकों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं एवं परिजनों ने योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने तथा नियमित योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ और निरोग जीवन जीने का संकल्प लिया।
