गोरखपुर
मोहर्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने किया पैदल गश्त
मंडलायुक्त, डीआईजी, जिलाधिकारी और एसएसपी ने संवेदनशील क्षेत्रों का लिया जायजा
जुलूस मार्गों की सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा
वाराणसी। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने शहर के संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया। मंडलायुक्त, पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी), जिलाधिकारी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने थाना कोतवाली और थाना राजघाट क्षेत्र में पैदल गश्त कर मोहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्गों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मोहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर आपसी सौहार्द, भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों को पारंपरिक एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया गया है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी कोतवाली सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क
प्रशासन द्वारा किए गए इस निरीक्षण और पैदल गश्त से स्पष्ट है कि मोहर्रम पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम एवं शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
