गोरखपुर
मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने से पहले आप जिला महासचिव हाउस अरेस्ट, कार्यकर्ताओं में रोष
जनसमस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मिलने की थी तैयारी
सड़कों, बिजली, पेयजल, किसानों और रोजगार के मुद्दे उठाने की थी योजना
गोला बाजार, गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के महुआपार आगमन से पहले आम आदमी पार्टी के जिला महासचिव राघवेन्द्र प्रताप यादव को उनके आवास पर हाउस अरेस्ट किए जाने का मामला सामने आया है। इस कार्रवाई को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में नाराजगी व्याप्त है।
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष विजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्यमंत्री के महुआपार कार्यक्रम के दौरान पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपने की तैयारी कर रहा था। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी गोला क्षेत्र के लमतिया गांव स्थित जिला महासचिव राघवेन्द्र प्रताप यादव के आवास पर एकत्र होने वाले थे।
पार्टी की ओर से तैयार ज्ञापन में जर्जर सड़कों की मरम्मत, अघोषित बिजली कटौती, बढ़े हुए बिजली बिल, पेयजल संकट, किसानों की समस्याएं, युवाओं के लिए रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली, शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से शामिल किया गया था।
इसी बीच गोला पुलिस ने शुक्रवार को ही राघवेन्द्र प्रताप यादव को उनके आवास पर हाउस अरेस्ट कर दिया। शनिवार अपराह्न तक उन्हें मुक्त नहीं किया गया था। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई।
पार्टी नेताओं ने प्रशासन की कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना उनका अधिकार है। उनका आरोप है कि जनहित के मुद्दों को उठाने से रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।
आम आदमी पार्टी ने कहा कि वह क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाने का अभियान आगे भी जारी रखेगी तथा लोकतांत्रिक तरीके से जनहित के मुद्दों के समाधान की मांग करती रहेगी।
