गाजीपुर
मुख्तार गैंग के शार्प शूटर अंगद राय की 9.50 करोड़ की संपत्ति कुर्क
गैंगस्टर एक्ट के तहत गाजीपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पत्नी के नाम दर्ज अचल संपत्ति जब्त
संगठित अपराध से अर्जित धन से संपत्ति खरीदने का आरोप, प्रशासन ने की कार्रवाई
गाजीपुर। गाजीपुर पुलिस ने कुख्यात माफिया डॉन मुख्तार अंसारी के गैंग आईएस-191 से जुड़े मुख्य शार्प शूटर अंगद राय उर्फ झूलन की करीब 9 करोड़ 50 लाख रुपये मूल्य की अचल संपत्ति को कुर्क कर जब्तीकरण की कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार यह संपत्ति संगठित अपराध से अर्जित धन के माध्यम से अंगद राय ने अपनी पत्नी सरिता राय के नाम से खरीदी थी।

गैंगस्टर एक्ट के तहत हुई कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक थाना कोतवाली गाजीपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 314/2023, धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक की संस्तुति और जिलाधिकारी गाजीपुर के आदेश के बाद उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम-1986 की धारा 14(1) के तहत संपत्ति कुर्क की गई।
पत्नी के नाम दर्ज थी संपत्ति
कुर्क की गई संपत्ति मोहम्मदाबाद तहसील क्षेत्र के मौजा गिरधरिया में स्थित बताई गई है। पुलिस के अनुसार यह भूमि अंगद राय की पत्नी सरिता राय के नाम से क्रय की गई थी। इसमें आवासीय निर्माण भी शामिल है। प्रशासन ने संपत्ति का अनुमानित मूल्य करीब 9.50 करोड़ रुपये बताया है।
लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में रहा है नाम
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अंगद राय उर्फ झूलन निवासी शेरपुर खुर्द, थाना भांवरकोल, गाजीपुर के विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी द्वारा संचालित गैंग आर्थिक, भौतिक और अन्य लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। इसी आधार पर अपराध से अर्जित संपत्ति के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
प्रशासन और पुलिस टीम रही शामिल
संपत्ति कुर्की की कार्रवाई में तहसीलदार मोहम्मदाबाद महेंद्र बहादुर, थाना भांवरकोल के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक रोहित मिश्र मय पुलिस टीम, थाना कोतवाली के चौकी इंचार्ज रजागंज उपनिरीक्षक अभिनव गुप्ता मय टीम तथा क्षेत्रीय लेखपाल संतोष राय शामिल रहे।
