Connect with us

मिर्ज़ापुर

मीरजापुर में रफ्तार पकड़ रहा औद्योगिक विकास, 80 इकाइयों ने शुरू किया उत्पादन

Published

on

Loading...
Loading...

मुख्यमंत्री योगी की विकासवादी नीति से बदली जिले की तस्वीर, 5 हजार से अधिक युवाओं को मिला रोजगार

20 निर्माणाधीन इकाइयां जल्द होंगी शुरू, निवेशकों की समस्याओं का हो रहा त्वरित समाधान

मीरजापुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विकासोन्मुखी नीतियों के चलते मीरजापुर में औद्योगिक विकास तेजी से आगे बढ़ रहा है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से निवेश करने वाली 80 औद्योगिक इकाइयों ने उत्पादन शुरू कर दिया है, जिससे जिले में रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिली है।

जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र (डीआईसी) के उपायुक्त संदीप कुमार ने बताया कि 1,734 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित इन 80 इकाइयों में उत्पादन शुरू हो चुका है। इससे 5,238 युवाओं को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिला है, जबकि करीब 10 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं।

उन्होंने बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के तहत प्राप्त 104 निवेश प्रस्तावों को ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी) के लिए चयनित किया गया था। इनमें से 80 इकाइयां उत्पादन शुरू कर चुकी हैं, जबकि 20 इकाइयां निर्माणाधीन हैं और जल्द ही उनका संचालन भी प्रारंभ हो जाएगा। शेष चार परियोजनाओं की स्थापना संबंधी प्रक्रियाएं भी पूरी हो चुकी हैं।

Advertisement

अडानी समूह का थर्मल पावर प्लांट बनेगा विकास का नया केंद्र

उपायुक्त ने बताया कि मड़िहान क्षेत्र में अडानी समूह द्वारा लगभग 18,300 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित किया जा रहा थर्मल पावर प्लांट भी शीघ्र शुरू होने की संभावना है। यह परियोजना जिले के औद्योगिक और आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित होगी तथा बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराएगी।

उन्होंने कहा कि सभी 104 परियोजनाओं के पूर्ण संचालन के बाद जनपद में लगभग 13,822 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है।

प्रमुख औद्योगिक इकाइयों ने शुरू किया उत्पादन

इन्वेस्ट यूपी के रिलेशनशिप मैनेजर अखिलेश कुमार तिवारी ने बताया कि जिले में कई महत्वपूर्ण औद्योगिक परियोजनाएं सफलतापूर्वक संचालित हो रही हैं। इनमें लालगंज स्थित ब्रजदेव इथेनॉल प्राइवेट लिमिटेड का 250 करोड़ रुपये का इथेनॉल प्लांट प्रमुख है।

Advertisement

इसके अलावा अपेक्स वेलकेयर ट्रस्ट द्वारा 325 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक अस्पताल की स्थापना की गई है। चुनार में अपोलो पाइप लिमिटेड का पीवीसी पाइप निर्माण कारखाना, दोहा क्षेत्र में महामाया इस्पात का 151 करोड़ रुपये का स्टील मैन्युफैक्चरिंग प्लांट तथा ब्रिंजल ग्रीन एनर्जी का 50 करोड़ रुपये की लागत वाला कंप्रेस्ड बायो गैस प्लांट भी संचालित हो रहा है।

सगरा क्षेत्र में मां अन्नपूर्णा एग्रो द्वारा धान की भूसी से तेल उत्पादन का कार्य भी शुरू किया जा चुका है।

निवेशकों को मिल रहा प्रशासन का सहयोग

अधिकारियों के अनुसार जनपद में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए प्रशासन निवेशकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कर रहा है। इससे नई इकाइयों की स्थापना और उत्पादन शुरू करने की प्रक्रिया में तेजी आई है।

प्रशासन का लक्ष्य है कि सभी प्रस्तावित औद्योगिक परियोजनाएं जल्द से जल्द धरातल पर उतरें, जिससे मीरजापुर में रोजगार, निवेश और आर्थिक विकास को नई ऊंचाइयां मिल सकें।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page