मिर्ज़ापुर
विश्व रक्तदाता दिवस पर रक्तदाता सम्मान समारोह आयोजित, संस्थाओं और रक्तवीरों का हुआ सम्मान
मेडिकल कॉलेज मीरजापुर में आयोजित समारोह में रक्तदान को बढ़ावा देने का लिया गया संकल्प
साईं परिवार सेवा संगठन लगातार छठी बार बना सर्वश्रेष्ठ रक्तदान संस्था
मीरजापुर। विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को मेडिकल कॉलेज मीरजापुर के शैक्षणिक भवन में भव्य रक्तदाता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. संजीव कुमार सिंह एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कीर्ति कुमार मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जनसंपर्क अधिकारी राम कुमार गुप्ता ने किया।
समारोह का शुभारंभ पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने रक्तदान के महत्व पर अपने विचार रखे तथा नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित किए जाने पर बल दिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कीर्ति कुमार मिश्रा ने बताया कि आने वाले समय में पीएचसी एवं सीएचसी स्तर पर विशेष रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।
रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए इस वर्ष भी साईं परिवार सेवा संगठन को सर्वाधिक रक्तदान करने वाली संस्था के रूप में लगातार छठी बार प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। संगठन को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं विंध्य फाउंडेशन ट्रस्ट को द्वितीय तथा ब्रजदेव एथेनॉल कंपनी प्राइवेट लिमिटेड को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
इसके अलावा अमर उजाला, रॉबिन हुड आर्मी, गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन, एचडीएफसी बैंक, गरुण सेना, सम्राट अशोक राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, एनसीसी 101 बटालियन, भारतीय जनता युवा मोर्चा, भारतीय तैलिक साहू राठौर महासभा, ग्राम सभा देवरी, रोटरी क्लब गौरव, रोटरी क्लब विंध्याचल, उत्तर प्रदेश वैश्य महासम्मेलन, विश्व हिंदू परिषद, आईडीए, समाजवादी पार्टी, समग्र मानवाधिकार, 39वीं पीएसी वाहिनी एवं अपना दल सहित अनेक संस्थाओं को रक्तदान शिविर आयोजन एवं सहयोग के लिए सम्मानित किया गया।
व्यक्तिगत रक्तदाताओं में राहुल जैन, राजेश्वर सिंह, ऐश्वर्य केसरवानी, निखिल साहू, हर्षिता सिंह, अमीषा बरनवाल, गुड्डू खां, वंदना राय, ज्योति गुप्ता सहित अन्य रक्तवीरों को सम्मानित किया गया।
मीडिया के क्षेत्र में रक्तदान जागरूकता एवं सहयोग के लिए राजेश सिन्हा (दैनिक भास्कर) तथा इंदरप्रीत सिंह (आईएनए न्यूज़) को सम्मानित किया गया। वहीं विशेष सहयोग के लिए मनीष श्रीवास्तव (श्री कृष्णा फूड एंड हर्बल) को भी सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि नियमित रक्तदान से न केवल जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचाया जा सकता है, बल्कि समाज में मानवता और सेवा की भावना भी मजबूत होती है। प्रधानाचार्य डॉ. संजीव कुमार सिंह ने सभी संस्थाओं, रक्तदाताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी अधिकाधिक रक्तदान शिविर आयोजित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विकास मिश्रा, दुर्गेश बाबू चौरसिया, सिम्पल साध, शालिनी पाण्डेय, आशीष गुप्ता, रणजीत सिंह, आशीष मिश्रा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
