गाजीपुर
मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत गाजीपुर में चला जागरूकता अभियान
बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस ने किया पैदल गश्त, एंटी रोमियो टीम रही सक्रिय
महिलाओं की सुरक्षा और शोहदों पर कार्रवाई के लिए जिलेभर में चला विशेष अभियान
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद में मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में पैदल गश्त कर लोगों को महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी।

अभियान के तहत जिले के प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल ने पैदल गश्त कर आमजन को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। साथ ही महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी एवं सहायता सेवाओं से अवगत कराया गया।
इसी क्रम में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन की एंटी रोमियो टीम ने सक्रियता दिखाते हुए संवेदनशील स्थानों पर सघन भ्रमण और चेकिंग अभियान चलाया।

इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई तथा शोहदों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए मिशन शक्ति अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
