Connect with us

वाराणसी

मंडलायुक्त का धुआंधार दौरा, एयरपोर्ट से गंजारी तक विकास कार्यों की परखी हकीकत

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। जिले में चल रही विकास परियोजनाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने सोमवार को एयरपोर्ट से लेकर गंजारी तक लगातार निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए गुणवत्ता और समयसीमा को लेकर कड़े निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने सबसे पहले लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर पहुंचकर एकीकृत एयर कार्गो टर्मिनल का निरीक्षण किया। करीब 8,800 वर्ग मीटर में बने कार्गो टर्मिनल के संचालन और सुविधाओं की उन्होंने जानकारी ली। यह टर्मिनल किसानों के उत्पादों को खाड़ी देशों सहित अन्य स्थानों तक भेजने में मददगार है।

इसके बाद उन्होंने निर्माणाधीन रनवे एक्सपेंशन का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विस्तार क्षेत्र में आने वाले स्ट्रक्चर को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। रनवे विस्तार के कार्यों में शिथिलता मिलने पर तहसीलदार पिंडरा को शोकॉज नोटिस जारी किया गया। मंडलायुक्त ने सुरक्षा और तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन करने के साथ कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट की सुविधाओं का विस्तार वाराणसी की बढ़ती हवाई कनेक्टिविटी और व्यापारिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण है। संबंधित विभाग और एयरपोर्ट प्रबंधन आपसी समन्वय से कार्य करें और यात्रियों व एयरपोर्ट संचालन पर निर्माण कार्यों का प्रभाव न्यूनतम रखा जाए।

गंजारी स्टेडियम की प्रगति परखी

Advertisement

इसके बाद मंडलायुक्त ने गंजारी स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण सामग्री की स्थिति की जानकारी ली। कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से बिंदुवार जानकारी लेते हुए उन्होंने किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

करीब 350 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे गंजारी क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण 80 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है। अधिकारियों के अनुसार परियोजना को अक्टूबर की शुरुआत में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मंडलायुक्त ने कहा कि यह परियोजना वाराणसी में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय का भी निरीक्षण

मंडलायुक्त ने गंजारी में निर्माणाधीन सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने स्पष्ट कहा कि सभी विकास कार्य निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए और अधिकारियों की ओर से परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

Advertisement

निरीक्षण के दौरान एसडीएम राजातालाब शांतनु समेत संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page