Connect with us

गोरखपुर

भाजपा विधायक को मिली जान से मारने की धमकी, वायरल ऑडियो से हड़कंप

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर | जनपद के कैंपियरगंज क्षेत्र में भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री फतेह बहादुर सिंह को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए 6 मिनट 46 सेकेंड के ऑडियो ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन तत्काल जांच में जुट गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पंचायत चौमुखा के शक्तिनगर वार्ड निवासी नवीन सिंह ने कैंपियरगंज थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि पठनपुरवा बड़का निवासी रजनीकांत ने फोन पर बातचीत के दौरान भाजपा विधायक फतेह बहादुर सिंह, उनके प्रतिनिधि गणेशदत्त त्रिपाठी, सहयोगी शमशेर सिंह तथा चेयरमैन प्रतिनिधि गोपाल सिंह को जान से मारने की धमकी दी। बातचीत के दौरान अभद्र भाषा का भी प्रयोग किया गया, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।


बताया जा रहा है कि आरोपी द्वारा फोन पर खुलेआम धमकी देने का ऑडियो कुछ ही समय में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल ऑडियो सुनने के बाद क्षेत्र के लोगों में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिला। स्थानीय लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों को इस तरह धमकी मिलना कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।


पीड़ित पक्ष ने पुलिस को बताया कि धमकी मिलने के बाद परिवार के लोग दहशत में हैं। घर के बुजुर्ग सदस्य, जो पहले से अस्वस्थ बताए जा रहे हैं, उनकी तबीयत भी बिगड़ गई। वहीं समर्थकों और कार्यकर्ताओं में भी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

Advertisement


मामले की सूचना मिलते ही कैंपियरगंज पुलिस सक्रिय हो गई। एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी रजनीकांत और उसके सहयोगियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नशे की हालत में फोन पर धमकी दे रहा था। पुलिस को उसकी लोकेशन मध्य प्रदेश के इटारसी क्षेत्र में मिली है और गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना कर दी गई है।


भाजपा विधायक फतेह बहादुर सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में इस प्रकार की धमकियां बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने बताया कि पूरा ऑडियो पुलिस अधिकारियों को सौंप दिया गया है और प्रशासन से निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई की मांग की गई है। विधायक ने कहा कि कानून से बड़ा कोई नहीं होता और दोषियों को हर हाल में सजा मिलनी चाहिए।


इस घटना के बाद कैंपियरगंज क्षेत्र में पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्रशासन सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो की भी तकनीकी जांच करा रहा है ताकि मामले की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page