गोरखपुर
संदिग्ध हालात में महिला की मौत, फंदे से लटका मिला शव
गोरखपुर। झंगहा थाना क्षेत्र के महुआरी टोला में एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के भीतर फंदे से लटका मिला। घटना उस समय सामने आई जब उसका पति शादी समारोह से लौटकर घर पहुंचा और दरवाजा अंदर से बंद पाया। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उसने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां पत्नी कन्या देवी को फंदे से लटका देखा।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि मृतका के पति जय सिंह मंगलवार को गांव में एक निषाद परिवार की बारात में शामिल होने गया था और देर रात वहीं रुक गया था।
जानकारी के अनुसार, जय सिंह की शादी वर्ष 2023 में महावीर छपरा के पास ऊंचगांव निवासी कन्या देवी के साथ हुई थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, शादी के बाद संतान न होने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद की बात भी सामने आ रही है।
थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने बताया कि मौत के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। मायका पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए थे, लेकिन अब तक कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
