गोरखपुर
पीएमश्री स्कूल सेमरी में पृथ्वी दिवस पर जागरूकता की अनूठी पहल
गोलाबाजार (गोरखपुर)। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर गोला तहसील क्षेत्र स्थित पी एम श्री स्कूल सेमरी में विविध शैक्षिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। इस अवसर पर आयोजित “हरित दृष्टिकोण – बाल कलाकार प्रतियोगिता” में बच्चों ने आकर्षक पोस्टर बनाकर पृथ्वी को बचाने का संदेश दिया। प्रतियोगिता में कक्षा 8 की खुशी ने प्रथम स्थान, मनीता ने द्वितीय स्थान तथा अनुष्का तिवारी ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय में स्थापित हर्बल एवं औषधीय उद्यान के पौधों के संरक्षण का सामूहिक संकल्प भी लिया गया। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए नियमित रूप से पौधों की देखभाल करने का वचन दिया। एक विशेष नवाचार के रूप में बच्चों ने QR कोड तैयार कर औषधीय पौधों के उपयोग और उनके लाभों की जानकारी प्रस्तुत की, जिससे तकनीक और शिक्षा का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित अध्यापक मनोज कुमार मिश्र ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल बच्चों की रचनात्मकता को बढ़ावा देते हैं, बल्कि उन्हें प्रकृति के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित भी करते हैं। कार्यक्रम का सफल आयोजन सहायक अध्यापक रामसिंह, गुलाब और प्रिन्स के कुशल नेतृत्व में किया गया।
