बलिया
भाजपा विधायक आध्यात्मिक आयोजनों के सहारे नाकामियां छिपा रहे हैं : रामजी गुप्ता
बलिया। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रामजी गुप्ता ने जिले के भाजपा जनप्रतिनिधियों पर विकास कार्यों में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता को गुमराह करने के लिए बड़े पैमाने पर आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और केतकी सिंह अपनी नाकामियों को छिपाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में मतदाता उनसे विकास कार्यों का हिसाब मांगेंगे।
रामजी गुप्ता ने आरोप लगाया कि जनता अस्पतालों की बदहाल व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और अन्य बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है, जबकि जनप्रतिनिधि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से लोगों का ध्यान वास्तविक मुद्दों से हटाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि विकास के दावों के बावजूद नगर की स्थिति संतोषजनक नहीं है।
सपा नेता ने दावा किया कि पार्टी ने पिछली चुनावी कमियों को दूर कर लिया है और यदि नेतृत्व अवसर देता है तो जिले की सभी विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज कर सकती है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में पीडीए की सरकार बनने की संभावना है।
हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित जनप्रतिनिधियों की प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
