Connect with us

बलिया

सागरपाली की ग्राम चौपाल में गूंजीं जनसमस्याएं, जलभराव और आवास बने प्रमुख मुद्दे

Published

on

Loading...
Loading...

एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

फेफना (बलिया)। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत सागरपाली स्थित पंचायत भवन में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। उपजिलाधिकारी अभिनेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं खुलकर अधिकारियों के समक्ष रखीं।

जलभराव और भूमिहीनों के पट्टे की उठी मांग

चौपाल में ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के किनारे बाजार क्षेत्र में नाबदान के पानी से होने वाले जलभराव की समस्या को प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों का कहना था कि बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।

इसके अलावा भूमिहीन गरीब परिवारों को आवास हेतु भूमि पट्टा उपलब्ध कराने की मांग भी की गई। ग्रामीणों ने सोमवार और मंगलवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार के दौरान मुख्य मार्ग पर बढ़ती भीड़ और दुर्घटना की आशंका का मुद्दा भी अधिकारियों के सामने रखा।

एसडीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण

शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी अभिनेंद्र सिंह चौपाल के बाद सीधे जलभराव वाले क्षेत्र में पहुंचे और स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित लेखपाल को निर्देश दिया कि सरकारी गड़ही की पैमाइश कराई जाए तथा नाबदान के पानी की निकासी के लिए स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

Advertisement

भूमिहीनों को पट्टा दिलाने का आश्वासन

एसडीएम ने कहा कि पात्र भूमिहीन परिवारों को नियमानुसार भूमि पट्टा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने चौपाल में प्राप्त अन्य शिकायतों और प्रार्थना पत्रों का भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

सरकारी योजनाओं की भी ली जानकारी

चौपाल के दौरान उपजिलाधिकारी ने ग्रामीणों से राशन वितरण व्यवस्था, आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी भी ली। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान शैल देवी, ग्राम विकास अधिकारी विजय शंकर सिंह, लेखपाल अभिषेक तिवारी, राजेश कुमार, अक्षय कुमार मौर्य, रामजीत मौर्य, ग्राम रोजगार सेवक श्री भगवान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page